नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटी नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यूनिवर्सिटी की चौथी मंजिल से गिरकर एक नाइजीरियन छात्र की मौत हो गई। मामले ने तब तूल पकड़ लिया, जब पुलिस जांच में यह सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई वारदात हो सकती है।
मृतक की पहचान नाइजीरिया निवासी सैम के रूप में हुई है। वह कलिंगा यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकंड ईयर का छात्र था और कैंपस में ही रहकर पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना यूनिवर्सिटी के छात्रावास/कैंपस बिल्डिंग की चौथी मंजिल में हुई। देर रात सैम और अन्य छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान सैम चौथी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआत में इसे दुर्घटना बताया गया, लेकिन जब पुलिस ने मौके की जांच की और छात्रों से पूछताछ की, तो मामला पूरी तरह पलट गया।
जांच में सामने आया कि घटना के वक्त वहां चार छात्र मौजूद थे। आरोप है कि एक नाइजीरियन छात्रा और उसका बॉयफ्रेंड किसी विवाद के दौरान सैम से उलझ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि सैम को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस को शक है कि मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए: दो आरोपियों को नवा रायपुर इलाके से गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी नाइजीरियन छात्रा और उसका बॉयफ्रेंड भिलाई पहुंच गए और वहां पुलिस थाने में सरेंडर कर दिया, भिलाई पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर नवा रायपुर पुलिस को सौंप दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला संदिग्ध मौत से बढ़ाकर हत्या की धाराओं में दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल चैट्स की भी जांच की जा रही है
घटना के बाद से कलिंगा यूनिवर्सिटी कैंपस में दहशत और तनाव का माहौल है। विदेशी छात्रों में भी डर देखा जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।