पता पूछने के बहाने घेरा, धमकाकर लूटे मोबाइल-पर्स; पुरानी भिलाई पुलिस ने 2 युवकों और नाबालिग को पकड़ा…

सर्विस रोड पर राहगीर को बनाया था निशाना, 75 हजार के तीन मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में राहगीर को पता पूछने के बहाने रोककर धमकाने और मोबाइल-पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना के बाद पुरानी भिलाई और छावनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे सुरेन्द्र कुमार बघेल निवासी सुभाष चौक, शीतला पारा, भिलाई-3 टहलने के लिए घर से निकले थे। वे नेशनल हाईवे की सर्विस रोड से होते हुए बिजली ऑफिस के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उनके पास आए और उनसे पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

बातचीत के दौरान तीनों युवकों ने सुरेन्द्र कुमार को घेर लिया और उनका मोबाइल मांगने लगे। जब उन्होंने मोबाइल देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जबरदस्ती उनका मोबाइल फोन और पर्स छीनकर तीनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 510/2026, धारा 309(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

छावनी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा

घटना के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों को लेकर लगातार पतासाजी की। इसी दौरान थाना पुरानी भिलाई और थाना छावनी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को थाना छावनी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद संजय देवांगन और साहिल चेलक को विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं तीसरे आरोपी के विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

75 हजार के तीन मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत 75 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CY 9369, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए है, भी जब्त की गई है।

जब्त संपत्ति में शामिल हैं-

– वीवो V27 मोबाइल – कीमत करीब 35 हजार रुपए
– सैमसंग मोबाइल – कीमत करीब 20 हजार रुपए
– टीपल सी मोबाइल – कीमत करीब 20 हजार रुपए
– हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CY 9369 – कीमत करीब 50 हजार रुपए

राहगीरों को निशाना बनाने का तरीका

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से घूमकर राहगीरों को तलाशते थे। किसी राहगीर को अकेला देखकर उससे पता पूछने के बहाने रोकते थे। बातचीत के दौरान उसे घेर लिया जाता था और विरोध करने पर धमकी देकर मोबाइल अथवा अन्य सामान छीनकर मौके से फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. संजय देवांगन, पिता विनोद देवांगन, उम्र 25 वर्ष, निवासी मिलन चौक, संतोषी पारा, थाना छावनी।

2. साहिल चेलक, पिता बबलू चेलक, उम्र 19 वर्ष, निवासी करुणा अस्पताल, दीपक बक्श के पास, थाना छावनी।

3. एक विधि से संघर्षरत बालक।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई के निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक हिरामन रामटेके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी आपराधिक घटना की स्थिति में स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें और जांच एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *