भिलाई में जनसमस्याओं पर विधायक देवेंद्र यादव सख्त; जल संकट और बिजली शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश…

जनता दरबार में सड़क, सफाई और पेयजल की समस्याएं उठीं, बास्केटबॉल चयन प्रक्रिया पर खिलाड़ियों ने लगाए पक्षपात के आरोप

भिलाई। विधायक देवेंद्र यादव ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम में खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने गर्मी के बीच गहराते जल संकट, कैमिकल युक्त पानी की सप्लाई और बिजली संबंधी समस्याओं को विधायक के सामने रखा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने तत्काल जोन-4 खुर्सीपार निगम क्षेत्र के अधिकारियों को बुलाकर चर्चा की और पेयजल समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के आवेदन भी विधायक को सौंपे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान कुछ खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी विधायक से मिले और राज्य स्तरीय बास्केटबॉल चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। उनका कहना था कि एक निजी अकादमी की 8 लड़कियों और 3 लड़कों का चयन किया गया, जबकि संबंधित अकादमी को से मान्यता प्राप्त नहीं है।

खिलाड़ियों ने यह भी आरोप लगाया कि के नियमों के अनुसार किसी एक संस्था से अधिकतम चार खिलाड़ियों का ही चयन किया जा सकता है, लेकिन इसके बावजूद एक ही अकादमी से अधिक खिलाड़ियों को मौका दिया गया। उन्होंने बाहरी खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने, स्थानीय प्रतिभाओं की अनदेखी करने, चयन प्रक्रिया में पर्याप्त अवसर नहीं देने तथा भाई-भतीजावाद और पैसों के प्रभाव जैसे आरोप भी लगाए।

खिलाड़ियों के अनुसार चयन समिति ने प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही चयन सूची तैयार कर ली थी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास आरोपों से जुड़े पुख्ता तथ्य मौजूद हैं।

विधायक देवेंद्र यादव ने खिलाड़ियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और योग्य खिलाड़ियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *