5-7 दिन का कच्चा तेल, 20 दिन का पेट्रोल-डीजल-संकट में फंस सकती है सप्लाई
पाकिस्तान। पाकिस्तान में ईंधन संकट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। देश के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि पाकिस्तान के पास एक दिन का भी रणनीतिक तेल भंडार नहीं है, जिससे हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
मंत्री के मुताबिक, देश पूरी तरह सीमित कमर्शियल स्टॉक पर निर्भर है। पाकिस्तान के पास कच्चे तेल का भंडार सिर्फ 5 से 7 दिन का है, जबकि रिफाइंड पेट्रोल-डीजल लगभग 20–21 दिन तक ही चल सकता है।
उन्होंने भारत से तुलना करते हुए कहा कि जहां भारत के पास 60–70 दिन का रणनीतिक भंडार है, वहीं पाकिस्तान के पास ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे किसी भी वैश्विक संकट के दौरान हालात बिगड़ सकते हैं।
मंत्री ने यह भी माना कि रणनीतिक भंडार बनाने की योजना पर रिसर्च तो हुई है, लेकिन भारी लागत के कारण अब तक इस पर अमल नहीं हो पाया।
मध्य-पूर्व में जारी तनाव और तेल आपूर्ति पर असर के चलते पाकिस्तान की ऊर्जा सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है, जिससे आने वाले समय में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।