नशे में स्कूल की फर्श पर सोता मिला हेडमास्टर, वीडियो वायरल; ग्रामीणों से बोले-पेट दर्द है, बच्चों को लड़खड़ाते हुए पढ़ाने का आरोप
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के भुवनेश्वरपुर नर्मदापुर स्कूल के शिक्षक निरंजन कुशवाहा ने सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर दिया। स्कूल के हेडमास्टर को नशे की हालत में स्कूल की फर्श पर सोते हुए पाया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जब ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो हेडमास्टर कक्षा की बजाय फर्श पर सोते मिले। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि वे नशे में थे। पूछताछ करने पर हेडमास्टर ने ग्रामीणों से कहा कि उन्हें गैस की समस्या और पेट दर्द है।
ग्रामीणों का कहना है कि हेडमास्टर ने उसी हालत में बच्चों को पढ़ाने की कोशिश की।
चलने में लड़खड़ाहट
बातचीत में असामान्यता,
पढ़ाने के दौरान असंतुलित व्यवहार,
इन सबको देखकर ग्रामीणों का शक और गहरा गया, जिसके बाद किसी ने घटना का वीडियो बना लिया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने इसे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बताया है और शिक्षा विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि
हेडमास्टर पहले भी कई बार अनुशासनहीन व्यवहार करते देखे गए
स्कूल में समय पर पढ़ाई नहीं होती
बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर निलंबन या विभागीय कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह मामला एक बार फिर सरकारी स्कूलों में जवाबदेही और निगरानी की जरूरत को उजागर करता है।