दुर्ग में नशे पर पुलिस की कार्रवाई: जामुल में महिला के घर से 3 किलो गांजा बरामद: अंजोरा बस स्टैंड से शराब के साथ युवक गिरफ्तार…

दुर्ग जिले में शनिवार को दो अलग-अलग जगह पुलिस ने गांजा और अवैध शराब बेचने वालों को गिरफ्तार किया है।

दुर्ग/भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में एक महिला को घर में गांजा रखकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलगांव थाना के अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक युवक को बस स्टैंड के पास अवैध शराब बेचने की तैयारी करते पकड़ा गया।

पहला मामला: पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड स्थित पीएम आवास में एक महिला अपने घर से गांजा बेच रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला के पास से एक सफेद बोरी में रखा 2 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही 500 रुपए कैश भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी महिला एस. निर्मला (32) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अवैध तरीके से गांजा बेच रही थी और इससे पैसे कमा रही थी। इस मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दूसरा मामला: पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध शराब बेचने की तैयारी कर रहा है। पुलिस की टीम ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3200 रुपए बताई जा रही है।

आरोपी की पहचान अजय उर्फ जय ढीमर (27) निवासी शिव पारा दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *