सिविल लाइन में युवकों के बीच तलवारबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी इलाके सिविल लाइन में युवकों के बीच तलवारबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना होली के दूसरे दिन की बताई जा रही है, जब कुछ युवक सड़क पर खुलेआम तलवारें लहराते हुए आपस में भिड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र में कुछ युवक शराब के नशे में बीच सड़क पर एक-दूसरे के सामने तलवार लेकर खड़े हो गए और शक्ति प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई राहगीर डर के कारण वहां से दूर हट गए। घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पहचान के आधार पर पुलिस ने अरबाज खान (24), दुर्गेश साहू (26) और नंदन राय (40) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अन्य संदिग्ध लोगों की भी पहचान की जा रही है।

पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *