देवपुरी ज्वेलरी शॉप में चोरी: गहने ट्राय करने के बहाने लाखों के जेवर लेकर भागी महिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी शॉप से गहने ट्राय करने के बहाने करीब 4.93 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर भागने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसके एक साथी को भी पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना क्षेत्र के देवपुरी स्थित “मां दुर्गा ज्वेलर्स” में दोपहर के समय एक युवक और युवती ग्राहक बनकर पहुंचे। दोनों ने दुकान संचालक से सोने का रानी हार देखने की बात कही। उस समय दुकान में संचालक का बेटा मौजूद था।

बताया जा रहा है कि महिला ने गहने ट्राय करने के बहाने रानी हार, चांद बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया सहित कई आभूषण पहन लिए। इन आभूषणों की कुल कीमत करीब 4.93 लाख रुपये बताई गई है। कुछ देर बाद महिला ने कहा कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी गहने खरीदेगी। यह कहकर वह फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई और वापस नहीं लौटी।

महिला के बाहर जाने के बाद उसके साथ आया युवक भी धीरे-धीरे दुकान से निकलने की कोशिश करने लगा। शक होने पर दुकान कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी इस तरह की वारदातें की हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *