पुलिस एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी बदमाश बटोहिया ढेर; भीषण मुठभेड़ में थाना अध्यक्ष समेत दो जवान घायल…

बेगूसराय। जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र में पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी बटोहिया पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश बटोहिया ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया। इस एनकाउंटर में मटिहानी थाना अध्यक्ष विवेक भारती और एसटीएफ जवान संतोष कुमार गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, कुख्यात बदमाश बटोहिया के आकाशपुर गांव में छिपे होने की गुप्त सूचना एसटीएफ को मिली थी। सूचना मिलते ही पटना एसटीएफ और मटिहानी थाना पुलिस की टीम ने गांव में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और एक मकान में छिपकर गोलीबारी करने लगे।

करीब 20 राउंड से अधिक चली गोलीबारी के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान बटोहिया को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने बटोहिया के दो साथियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक कार्बाइन, पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

मुठभेड़ में मटिहानी थाना अध्यक्ष विवेक भारती के पैर में गोली लगी है, जबकि एसटीएफ जवान संतोष कुमार के हाथ में गोली लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एनकाउंटर के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

यह एनकाउंटर बेगूसराय जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *