जशपुर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के जशपुर आगमन पर जिले में उल्लास और गौरव का वातावरण देखने को मिला। राष्ट्रपति का आगमन आगडीह हवाई पट्टी में हुआ, जहां छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका, झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहकर उनका आत्मीय और गरिमामय स्वागत किया।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए हवाई पट्टी परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति की झलक के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं सम्मानपूर्वक उनका अभिनंदन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति के जशपुर आगमन को जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा जनजातीय अंचल के विकास, संस्कृति और आत्मनिर्भरता को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का स्नेह और मार्गदर्शन प्रदेश की जनजातीय मातृशक्ति एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत कर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आम नागरिकों में भी विशेष उत्साह देखा गया। जिलेवासियों ने इसे जशपुर के लिए सम्मान और उपलब्धि के रूप में देखा।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा जनजातीय समाज, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा उनके संपूर्ण कार्यक्रम को सुचारु और सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं।