भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज प्रियदर्शिनी परिसर (पश्चिम) का सघन दौरा कर निर्माणाधीन वृहद खेल परिसर और नालंदा परिसर के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि शहर के युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित ले-आउट के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग एरिया तथा परिसर के भीतर सड़क निर्माण के प्रारंभिक कार्यों का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
प्रियदर्शिनी परिसर में विकसित हो रहे इस खेल परिसर से शहर के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर प्राप्त होगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नालंदा परिसर में शांत वातावरण, पृथक अध्ययन कक्ष और सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को एकाग्र होकर अध्ययन करने में मदद मिलेगी और वे राज्य व शहर का नाम रोशन कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान परिसर के भीतर पहुँच मार्ग और सड़कों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता बसंत साहू, पुरुषोत्तम सिन्हा, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी तथा स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।