पेपर लीक और परीक्षा घोटालों को लेकर बोले राहुल गांधी- भ्रष्ट व्यवस्था युवाओं का भविष्य और ज़िंदगी दोनों छीन रही है…

यह आत्महत्या नहीं, सिस्टम द्वारा की गई हत्या है’, NEET अभ्यर्थियों की मौत पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने NEET अभ्यर्थियों की मौत और लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि “सिस्टम द्वारा की गई हत्या” है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट व्यवस्था और पेपर लीक ने देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है।

राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय NEET अभ्यर्थी रितिक मिश्रा का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह पूरी तरह टूट गया था। राहुल ने दावा किया कि “अब कोई प्रतियोगी परीक्षा नहीं देंगे” उसके आखिरी शब्द थे। उन्होंने गोवा में एक अन्य छात्र की मौत का भी उल्लेख किया।

सोशल मीडिया मंच X पर राहुल गांधी ने लिखा कि देश के युवा परीक्षा से नहीं हार रहे, बल्कि भ्रष्ट सिस्टम उन्हें कुचल रहा है। उन्होंने कहा, “यह आत्महत्या नहीं है, यह सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।”

राहुल गांधी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले हुए, जिनमें 87 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं और करीब 9 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े घोटालों के बावजूद केवल एक मामले में सजा हुई।

कांग्रेस नेता ने NEET, AIPMT और अन्य मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई के बजाय उन्हें बड़े पदों पर बैठाया जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया, “आखिर कितने रितिकों की जान जाने के बाद जवाबदेही तय होगी?”

राहुल गांधी ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि विपक्ष परीक्षा घोटालों और पेपर लीक के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “आपका दर्द मेरा दर्द है और जो आपके भविष्य से खिलवाड़ करेंगे, उन्हें जवाब देना होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *