पटना। पटना में मंगलवार को भाजपा नेता संजय सरावगी का भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक अंदाज में हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और महिलाएं शामिल रहीं, जिससे पूरा इलाका भगवामय नजर आया।
रोड शो के दौरान संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे संगठन की जमीनी आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं, सुझावों व अपेक्षाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सरावगी ने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों के लिए वे लगातार संघर्ष करेंगे।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाएं करीब दो घंटे तक इंतजार में खड़ी रहीं, ताकि वे संजय सरावगी का स्वागत कर सकें और उन्हें नजदीक से देख सकें। महिलाओं ने फूल बरसाकर और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
रोड शो के दौरान पूरे मार्ग पर समर्थकों की भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर नेता का स्वागत किया। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे संगठन की मजबूती का संकेत माना जा रहा है।
संजय सरावगी ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि यह स्नेह और समर्थन उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।