रायपुर में सनसनीखेज वारदात: बाइक विवाद ने लिया खून का रूप, बेटे ने पिता को हंसिया से काट डाला…

रायपुर। रायपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बाइक खरीदने को लेकर हुए झगड़े में गुस्साए बेटे ने अपने ही पिता पर हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, रायपुर के एक मोहल्ले में रहने वाले पिता-पुत्र के बीच बाइक खरीदने को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि पिता बेटे के बाइक लेने से नाराज थे और इसी गुस्से में उन्होंने बाइक में तोड़फोड़ कर दी। इससे आक्रोशित बेटे का आपा पूरी तरह से खो गया।

गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखी हंसिया उठाई और पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी बेटे ने पिता के पीठ, सीने और पेट पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


परिजन घायल पिता को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया

इस निर्मम हत्या से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोग हैरान हैं कि एक छोटी-सी बात पर बेटा इतना हिंसक हो गया कि अपने ही पिता की जान ले ली।

पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *