शील्ड ऑफ इजरायल’ प्लान लॉन्च: अरबों डॉलर में खरीदे जाएंगे नए फाइटर जेट…

F-35 और F-15IA से बढ़ेगी ताकत, ईरान समेत क्षेत्रीय खतरों से निपटने की तैयारी तेज

अंतरराष्ट्रीय। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने अपनी सैन्य ताकत को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने “शील्ड ऑफ इजरायल” योजना के तहत अत्याधुनिक फाइटर जेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के तहत इजरायल अमेरिका से F-35 और F-15IA जैसे एडवांस लड़ाकू विमानों के दो नए स्क्वाड्रन खरीदेगा। यह डील अरबों डॉलर की है और इसे देश की सुरक्षा रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

सरकार का कहना है कि यह फैसला आने वाले दशक में संभावित खतरों को ध्यान में रखकर लिया गया है। खासकर ईरान के साथ हालिया तनाव और क्षेत्र में चल रहे संघर्षों ने इजरायल को अपनी एयर पावर और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया है।

इस योजना के तहत इजरायल अपनी वायुसेना का विस्तार करेगा और भविष्य की लड़ाइयों के लिए नई तकनीकों, जैसे एडवांस सिस्टम और ऑटोमेटेड क्षमताओं पर भी काम करेगा।

बताया जा रहा है कि यह डील एक बड़े रक्षा बजट का हिस्सा है, जिसमें करीब 350 अरब शेकेल (लगभग 119 अरब डॉलर) खर्च किए जाएंगे। इसका मकसद इजरायल की सैन्य बढ़त को लंबे समय तक बनाए रखना है।

बहरहाल “शील्ड ऑफ इजरायल” प्लान के जरिए इजरायल ने साफ संकेत दिया है कि वह क्षेत्रीय चुनौतियों के बीच अपनी सैन्य ताकत को और आक्रामक रूप से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। आने वाले समय में इसका असर पूरे मध्य पूर्व की सुरक्षा स्थिति पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *