भिलाई। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए भिलाई नगर एवं छावनी अनुविभाग पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने क्षेत्र के 68 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को 27 फरवरी 2026 को सेक्टर-06 स्थित कंट्रोल रूम में तलब कर कड़ी समझाइश दी।
इस दौरान सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट दर्ज कर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशा सेवन या विक्रय, मारपीट, हुड़दंग अथवा कानून व्यवस्था भंग करने की स्थिति में तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जाएगी।
होली के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा सहित थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस स्टाफ और कंट्रोल रूम टीम की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।