महादेव बुक की तर्ज पर बनाई थी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट,
20 सटोरियों की गिरफ्तारी के बाद सामने आया मास्टरमाइंड का नाम, गंज थाना में FIR के बाद पुलिस ने मुंबई में दबिश देकर पकड़ा
रायपुर। रायपुर से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसने कुख्यात महादेव सट्टा एप की तर्ज पर “3 STUMPS” नाम की ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट तैयार की थी, जिसके जरिए IPL मैचों पर बड़े स्तर पर सट्टा खिलाया जा रहा था।
इस मामले में रायपुर के गंज थाना में 13 अप्रैल को FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खेमानी की लोकेशन ट्रेस की और मुंबई में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि खेमानी का नेटवर्क सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि मुंबई, पुणे, गोवा और भुवनेश्वर जैसे शहरों से भी ऑपरेट हो रहा था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप के जरिए सट्टा संचालित करते थे और पैसों का लेन-देन डिजिटल माध्यमों से किया जाता था।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब क्राइम ब्रांच ने हाल ही में कार्रवाई करते हुए करीब 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने बाबू खेमानी को ही इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बताया।
पुलिस के मुताबिक, “3 STUMPS” प्लेटफॉर्म के जरिए IPL मैचों पर सट्टा लगाया जाता था और इसमें बड़ी रकम का लेन-देन होता था। खेमानी पहले भी पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है और उस पर पूर्व में भी केस दर्ज हो चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया की पहचान का फायदा उठाकर अपना नेटवर्क फैलाया और सट्टा कारोबार को डिजिटल रूप देकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की।