बियर-बार में प्यार का खौफ़नाक अंत: बॉयफ्रेंड ने बोतल से सिर फोड़कर गर्लफ्रेंड की हत्या की…

रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में स्थित जिला बार (बियर-बार) में प्रेम संबंध का खौफनाक अंत सामने आया है। यहां बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है।

मृतका और आरोपी की पहचान

जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम वेदिका सागर है, जो रायपुर के गीता नगर इलाके की रहने वाली थी। वहीं, हत्या का आरोपी उसका परिचित टी. सुनील राव उर्फ शीनू (28 वर्ष) बताया जा रहा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और वे पहले भी साथ मिलते-जुलते रहे थे।

21 दिसंबर को बार पहुंचा था कपल

CCTV फुटेज के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3 बजे वेदिका सागर और टी. सुनील राव जिला बार पहुंचे। दोनों ने एक टेबल पर बैठकर नॉनवेज खाना और शराब ऑर्डर की। टेबल पर शराब की बोतल रखी हुई थी और शुरुआत में दोनों सामान्य बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

अचानक भड़का विवाद, बोतल से सिर पर हमला

इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही आरोपी सुनील राव ने अचानक शराब की बोतल उठाकर वेदिका के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगते ही युवती खून से लथपथ हो गई और चीखने लगी।

बाल खींचकर जमीन पर पटका, बेरहमी से पीटा

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि बोतल से हमला करने के बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने खून से सनी वेदिका के बाल खींचकर उसे जमीन पर गिरा दिया और लगातार मारपीट करता रहा। बार में मौजूद लोग दहशत में आ गए।

गले लगाकर रोया, फिर मौके से फरार

घटना के बाद आरोपी कुछ देर तक घायल युवती के पास बैठा रहा। वीडियो में वह गंभीर हालत में पड़ी वेदिका को गले लगाकर रोता हुआ दिखाई देता है। लेकिन कुछ ही देर बाद वह वहां से मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में भर्ती, 12 जनवरी को मौत

बार संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल वेदिका सागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती का इलाज चल रहा था, लेकिन 12 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया।

LIVE CCTV वीडियो आया सामने, पुलिस जांच में जुटी

घटना का LIVE CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने वीडियो को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है। आरोपी टी. सुनील राव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद की असली वजह की जांच की जा रही है।

शहर में आक्रोश और सनसनी

बियर-बार जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से रायपुर में आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि शराब, गुस्सा और रिश्तों की कड़वाहट ने एक और जान ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *