अंतिम संस्कार दूध मुंही बेटी से करवाना पति से नहीं…

BPSC चयनित महिला टीचर की संदिग्ध मौत: घर से मिला सुसाइड नोट, मामा ने जताई हत्या की आशंका।

हाजीपुर। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से चयनित महिला शिक्षिका प्रिया भारती की मौत का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। घटना के बाद जहां पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई है।

घटना वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के सेहान गांव की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है।

मृतका की पहचान प्रिया भारती के रूप में हुई है, वह BPSC से चयनित शिक्षिका थीं उनकी पोस्टिंग हाई स्कूल खाजे चांद छपरा, चेहरा कला प्रखंड में थी,
वह स्कूल के पास ही किराए के मकान में रह रही थी।

प्रिया के पति दीपक कुमार ICICI बैंक की रक्सौल ब्रांच में डिप्टी मैनेजर हैं,
पति तीन दिन पहले ही घर आए थे, घटना के वक्त बच्ची भी प्रिया के साथ थी।

पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि यह कोई हत्या नहीं है, वह बीमारी से परेशान थीं, किसी व्यक्ति का इसमें हाथ नहीं है, शव को रसूलपुर न ले जाकर हाजीपुर में ही अंतिम संस्कार करने की बात लिखी गई है।

नोट में यह भी लिखा गया है कि मोबाइल पति को सौंपा जाए और उसमें मौजूद मैसेज, ऑडियो व वीडियो का पासवर्ड पति को पता है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि नोट की लिखावट की पुष्टि अभी नहीं हुई है, इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका के मोबाइल फोन के नोट्स में कुछ मैसेज, ऑडियो और वीडियो होने की बात सामने आई है।
इनकी भी डिजिटल जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत के पीछे की असली वजह क्या थी।

मामा ने जताई हत्या की आशंका-

प्रिया के मामा हरिकांत गिरी ने बताया कि एक सप्ताह पहले घरेलू विवाद के बाद प्रिया अपनी 3 महीने की बेटी को लेकर रसूलपुर गांव आई थीं।

सोमवार सुबह सूचना मिली कि कोई घटना हुई है, मौके पर पहुंचने पर जो स्थिति दिखी, उससे परिवार को मामला सामान्य नहीं लगा, उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या कर सुसाइड दिखाने का मामला हो सकता है।

पति दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम पत्नी से व्हाट्सएप कॉलिंग पर बात हुई थी, फोन कॉल पर सीधी बातचीत नहीं हो पाई थी, सुबह एक दूसरी शिक्षिका का फोन आया कि प्रिया फोन नहीं उठा रही हैं, इसके बाद मकान मालिक के भतीजे को भेजा गया, जहां कमरा अंदर से बंद मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा की जांच की जा रही है।
मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति साफ होगी।

कई सवाल अब भी बाकी-

सुसाइड नोट प्रिया ने ही लिखा या नहीं?

मोबाइल में क्या ऐसे सबूत हैं जो किसी और कहानी की ओर इशारा करते हैं?

मायके पक्ष की आशंका कितनी सही है?

पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को फिलहाल नकारा नहीं गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *