कानपुर। कानपुर में सोमवार सुबह एक ही परिवार की तीन लाशें मिलने से हड़कंप मच गया। एक रिटायर्ड फौजी ने पहले घर के अंदर अपनी पत्नी और बेटे को गोली मार दी, इसके बाद खुद रेलवे ट्रैक पर लेटकर जान दे दी। शुरुआती जांच में मामला मर्डर-सुसाइड का माना जा रहा है।
मृतक की पहचान चेतराम पासवान (51 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। वह सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसीयापुर इलाके में परिवार के साथ रहते थे।
पत्नी और बेटे की पहचान सुनीता वर्मा (40 वर्ष) पत्नी और दीप (16 वर्ष) पुत्र के रूप में हुई है।
दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले। पुलिस के अनुसार, दोनों को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी गई।
सुबह करीब 7:30 बजे रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान चेतराम पासवान के रूप में हुई।
जब पुलिस उनके घर सूचना देने पहुंची, तो दरवाजा बंद मिला। अंदर जाकर देखा गया तो पत्नी और बेटे के शव पड़े थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चेतराम ने पहले पत्नी को गोली मारी। आवाज सुनकर बेटा कमरे में पहुंचा तो उसे भी गोली मार दी गई। इसके बाद वह बाइक से घर से निकला और करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के आगे लेट गया।
मौके से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि असली वजह का खुलासा जांच के बाद ही होगा। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।
यह वारदात पूरे इलाके को झकझोर गई है। एक ही परिवार की तीन मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।