सुपेला से लापता तीन बालिकाएं सकुशल बरामद, CCTV और रेलवे पुलिस की मदद से दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर कैंप-1 से लापता हुई तीन बालिकाओं को दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल दस्तयाब कर लिया है। बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं, जिन्हें बाद में बिलासपुर जिले के उसलापुर क्षेत्र से बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, 06 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे तीनों बालिकाएं अचानक घर से निकल गई थीं। अगले दिन 07 फरवरी को परिजनों की सूचना पर थाना सुपेला में गुमशुदगी के मामले दर्ज कर विधिवत जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध) चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले, गवाहों से पूछताछ की और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की।

जांच के दौरान रेलवे पुलिस (RPF, GRP) और चाइल्ड लाइन से भी समन्वय किया गया। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रेलवे पुलिस ने तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल बरामद किया। नियमानुसार उन्हें सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलने के बाद परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर रवाना हो गए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक, बालक विरुद्ध अपराध शाखा, सुपेला थाना स्टाफ, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई तथा विशेष टीमों की समन्वित और सक्रिय भूमिका रही। रेलवे पुलिस और चाइल्ड लाइन के सहयोग से बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकी।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों से जुड़ी किसी भी असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *