13 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप, दो नाबालिग पुलिस कीआरोपी हिरासत में…

भिलाई में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ गंभीर अपराध, दो नाबालिग आरोपी हिरासत मे

भिलाई। भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 13 वर्ष की एक नाबालिग छात्रा के साथ आपराधिक कृत्य की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना 28 जनवरी की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नाबालिग बच्ची अपने मोहल्ले में घूम रही थी। इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले दो नाबालिग-जिनकी उम्र क्रमशः 14 और 15 वर्ष बताई गई है-उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया।

घटना के दौरान बच्ची की तलाश करते हुए उसकी मां भी मोहल्ले के आसपास पहुंची, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। परिजनों द्वारा तत्काल नेवई थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। चूंकि आरोपी भी नाबालिग हैं, इसलिए किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *