दुर्ग। दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी पर एक ही दिन में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों ही मामलों में समय रहते पुलिस और गोताखोरों की तत्परता से युवतियों की जान बचा ली गई।
पहला मामला तब सामने आया, जब एक युवती मानसिक रूप से परेशान हालत में शिवनाथ नदी पहुंची और आत्महत्या करने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि युवती कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस और सखी सेंटर की टीम युवती की काउंसलिंग कर रही है।
वहीं दूसरा मामला दोपहर के समय का है। एक अन्य युवती शिवनाथ नदी पर आत्महत्या करने के लिए पहुंची थी। जैसे ही वह नदी में कूदने वाली थी, मौके पर मौजूद आरक्षक ज़ावेद खान ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दोनों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई और समझाइश के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
समय पर की गई कार्रवाई से दो अनमोल जिंदगियां बच गईं। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।