सेक्टर 9 में साइबर जागृति अभियान के तहत एस आई संतोष कुमार यादव ने नागरिकों को दी अहम जानकारी…

गोल बाजार डोम शेड में साइबर जागृति अभियान के तहत कार्यक्रम, एसआई संतोष कुमार यादव ने OTP, PIN और संदिग्ध लिंक को लेकर दी अहम जानकारी


भिलाई। डिजिटल दौर में ऑनलाइन सुविधाओं के साथ साइबर अपराध का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत सेक्टर-9 गोल बाजार स्थित डोम शेड में नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और साइबर अपराध से बचने के जरूरी उपायों की जानकारी ली।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से अक्टूबर तक संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस की ओर से लगातार विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में एसआई संतोष कुमार यादव ने युवाओं और नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP तथा बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने के खतरों के बारे में विस्तार से बताया।

अनजान कॉल और लिंक से रहें सावधान
एसआई संतोष कुमार यादव ने नागरिकों को समझाया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करना चाहिए।

उन्होंने संदिग्ध संदेशों में आए लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी। नागरिकों को बताया गया कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

शिक्षक ने शायरी के जरिए दिया डिजिटल सावधानी का संदेश

कार्यक्रम में शिक्षक प्रतिश कुमार शर्मा ने शायरी के माध्यम से डिजिटल युग में बढ़ती तकनीकी निर्भरता और सावधानी का संदेश दिया। उन्होंने कहा-
“जब भी बटन दबाओगे, देखोगे कि चल गया,
और आज के युग का आदमी मशीनों में बदल गया।”
शायरी के माध्यम से उन्होंने लोगों को तकनीक के इस्तेमाल के साथ सजग और जिम्मेदार रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व पार्षद कामिल रॉबर्ट एंटोनी, संजय दानी, करण कनौजिया, प्रतिश कुमार शर्मा, पार्षद कोमल टंडन, श्याम मालेकर, नेतराम साहू, सत्यनारायण, उमेश तिवारी, प्रमोद साव, अमित हरपाल, संतोष सोनी, संतोष नाग, अर्शदीप एंथोनी, एनी मसीह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *