देवेंद्र यादव की अगुवाई में 22 मार्च को सड़कों पर उतरेगा बीएसपी परिवार: लीज-रिटेंशन के बढ़े किराये के ख़िलाफ़ पैदल मार्च का ऐलान…

बीएसपी प्रबंधन के विरोध में 22 मार्च को पैदल मार्च
लीज-रिटेंशन आवास बचाने का संकल्प, ‘भिलाई नहीं बिकने देंगे’ आंदोलन तेज

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन के खिलाफ हाउस लीज और रिटेंशन स्कीम को लेकर चल रहा आंदोलन अब और तेज होने जा रहा है। ‘भिलाई नहीं बिकने देंगे’ जन-जागरण अभियान के तहत 22 मार्च को पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह निर्णय रविवार को सेक्टर-2 स्थित शक्ति सदन में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन ने दो माह बीत जाने के बाद भी हाउस लीज और रिटेंशन स्कीम की बढ़ी हुई दरों को वापस नहीं लिया है। दिसंबर में 15 दिनों के भीतर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लीज और रिटेंशन के तहत आवंटित आवासों को अनावश्यक रूप से लटकाया जा रहा है।

22 मार्च को सिविक सेंटर से पदयात्रा

निर्णय के अनुसार विधायक देवेंद्र यादव 22 मार्च को सिविक सेंटर से पदयात्रा प्रारंभ होगी, जो सेंट्रल एवेन्यू होते हुए सेक्टर-2 भिलाई विद्यालय मैदान पहुंचेगी। यहां सभा के साथ पदयात्रा का समापन होगा।

संवाद कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और लीज-रिटेंशनधारियों ने बताया कि 24 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से किराये में वृद्धि अमानवीय है। साथ ही बिजली-पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में आ रही समस्याओं को भी उठाया गया। आंदोलनकारियों ने बढ़ा हुआ किराया नहीं देने और आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

सीनियर सिटीजन ने पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय में इलाज के दौरान आने वाली दिक्कतों का मुद्दा रखा। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आवास की वैकल्पिक व्यवस्था दो माह के बजाय दो वर्ष तक जारी रखने की मांग भी सामने आई। युवाओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

गौरतलब है कि विधायक देवेंद्र यादव ने दिसंबर में सिविक सेंटर में 5 दिन का उपवास रखकर आंदोलन की शुरुआत की थी। जिला प्रशासन की मौजूदगी में हुई त्रिपक्षीय चर्चा में अस्पताल और मैत्री बाग को लीज पर नहीं देने सहित कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी थी, लेकिन रिटेंशन स्कीम को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से आंदोलन जारी है।

14 जनवरी से वार्ड स्तर पर जन संवाद अभियान लगातार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *