वीडियो में भारतीय युवक का दावा-ऑस्ट्रेलिया में स्किल्ड ट्रेड्स को मिलता है पूरा सम्मान, छोटी सर्विस के भी मिलते हैं भारी पैसे
ऑस्ट्रेलिया में ब्लू-कॉलर नौकरियों को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय युवक एड्डी खनेजा वहां की जॉब संस्कृति पर बात करता दिख रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन और कारपेंटर जैसे स्किल्ड ट्रेड्स को सिर्फ रोजगार नहीं बल्कि एक सम्मानजनक करियर माना जाता है।
वीडियो में दावा किया गया है कि इन क्षेत्रों में काम करने वाले लोग सालाना करीब 1.2 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर या उससे अधिक तक कमा सकते हैं। वहीं कंस्ट्रक्शन मैनेजर जैसे पदों पर यह कमाई 2 लाख डॉलर तक पहुंच सकती है।
युवक के अनुसार, वहां छोटे-छोटे कामों के लिए भी अच्छी-खासी फीस ली जाती है। उदाहरण के तौर पर लॉक ठीक करने जैसे सिर्फ 15 मिनट के काम के लिए लगभग 150 ऑस्ट्रेलियन डॉलर चार्ज किए जाते हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ऑस्ट्रेलिया में इन स्किल्ड कामों को “हाथ का काम” कहकर कम नहीं आंका जाता, बल्कि इन्हें समाज में बराबर का सम्मान और महत्व मिलता है।
यह मामला सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छेड़ रहा है कि भारत में भी क्या ऐसे स्किल्ड ट्रेड्स को उसी स्तर का सम्मान और अवसर मिलना चाहिए जैसा विदेशों में मिलता है।