शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के कई लोग चपेट में; 2 बच्चे घायल
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में खुशियों से भरा एक घर कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया। शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन की विदाई कराकर लौट रहा परिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें दुल्हन समेत चार लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, खुटार थाना क्षेत्र के पिपरिया भगवंत गांव की रहने वाली 22 वर्षीय कल्पना की शादी 25 अप्रैल को पुवायां थाना क्षेत्र के अगैना बुजुर्ग गांव निवासी रोबिल वर्मा से हुई थी। शादी के दो दिन बाद मायके पक्ष कल्पना को विदा कराकर ससुराल भेज रहा था।
गुरुवार सुबह ससुर अनिल कुमार कार से बहू को लेने उसके मायके पहुंचे थे। विदाई के बाद दोपहर में जब वे वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार टैंकर/भारी वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें अनिल कुमार, उनकी बेटी मोहिनी (14), बहन रीना देवी (30), पत्नी कमलेश, दो बच्चे अभिरांश (6) और अनिमेष (5) तथा ड्राइवर नितेश शामिल थे।
हादसे में दुल्हन कल्पना और मोहिनी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रीना देवी और ड्राइवर नितेश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अनिल कुमार के सिर में चोट आई है, जबकि दोनों बच्चे अभिरांश और अनिमेष घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और गांव में शोक का माहौल है।