कोरबा में नवजात को जन्म देने के बाद अस्पताल से निकली मां, अगले दिन फांसी से लटकी मिली…

14 सितंबर की रात परिजनों से नाराज होकर बिना बताए अस्पताल से चली गई थी कविता; रातभर तलाश के बाद जेंजरामेन रोड के पास मिली, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कोरबा। जेंजरामेन इलाके में नवजात को जन्म देने के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। ग्राम छुरीकला निवासी कविता केंवट (23) ने 10 सितंबर को जेंजरामेन स्थित जीवांश अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल के SNCU/ICU वार्ड में भर्ती कराया गया था।

जानकारी के मुताबिक, कविता केंवट की शादी करीब दो साल पहले अजय केंवट (25) से हुई थी। बच्चे के जन्म के बाद नवजात की हालत खराब होने पर उसका इलाज अस्पताल में चल रहा था। इसी बीच 14 सितंबर की रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गई और बिना किसी को बताए अस्पताल से चली गई।

रातभर परिजन करते रहे तलाश

कविता के अस्पताल से चले जाने की जानकारी मिलने के बाद परिजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा कर लोगों से भी तलाश में मदद करने की अपील की गई, लेकिन रातभर उसका पता नहीं चल सका।

अगले दिन सड़क किनारे मिला शव

15 सितंबर मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे जेंजरामेन मेन रोड के पास ग्रामीणों ने एक महिला को मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर सरपंच और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराई।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अस्पताल से लापता कविता केंवट के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

नवजात अस्पताल में भर्ती, मामले की जांच जारी

कविता के जाने के बाद परिवार ने उसकी तलाश के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया था। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *