शगुन फार्म्स में होगा दो दिवसीय आयोजन; 500 से अधिक पदाधिकारी और 12 विदेशी प्रतिनिधियों के पहुंचने की तैयारी, बैठक में व्यवस्थाओं पर बनी रणनीति
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मेमन समाज का बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। 26 और 27 सितंबर को वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म्स में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से मेमन समाज के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन को लेकर सोमवार रात रायपुर में बैठक हुई, जिसमें तैयारियों, जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजकों के मुताबिक सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से मेमन समाज के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारी पहुंचेंगे। 500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी रहेगी। अफ्रीका, दक्षिण अफ्रीका, पूर्वी अफ्रीका, दुबई, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप और बांग्लादेश से करीब 12 विदेशी प्रतिनिधियों के रायपुर पहुंचने की तैयारी है।
हालाई मेमन जमात कर रही आयोजन
राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हालाई मेमन जमात की ओर से किया जा रहा है। इसमें ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन सहित समाज से जुड़े अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर आयोजित बैठक में रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
अलग-अलग समितियां संभालेंगी जिम्मेदारी
आयोजन की तैयारियों में यंग मेमन कमेटी, मोहल्ला समिति, मेमन लेडीज विंग और मेमन फेमिनाज से जुड़े सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। सम्मेलन स्थल पर मेहमानों के स्वागत, बैठक व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
समाज के मुद्दों पर होगा मंथन
सम्मेलन के दौरान मेमन समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही देश-विदेश में रहने वाले समाज के सदस्यों के बीच संपर्क और सहयोग को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श होगा। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
रायपुर के साथ ही बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के अन्य क्षेत्रों से जुड़े समाज के प्रतिनिधियों ने भी तैयारियों में सहभागिता की है। आयोजन समिति सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटी हुई है। समाज के स्थानीय सदस्यों से भी सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।