बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। 17 जनवरी की सुबह हुई मुठभेड़ में 4 महिला नक्सलियों समेत कुल 6 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का चीफ दिलीप वेंडजा भी शामिल है, जो संगठन का कुख्यात और प्रभावशाली नेता माना जाता था।
जानकारी के अनुसार जिस इलाके में यह मुठभेड़ हुई, वह खूंखार नक्सली पापाराव का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। पापाराव नेशनल पार्क एरिया का इंचार्ज और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZCM) का इकलौता सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि पापाराव मारा जाता है, तो DKSZCM कैडर लगभग खत्म हो जाएगा।
दरअसल, 17 जनवरी की सुबह सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में नक्सली नेशनल पार्क इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर डीआरजी के जवानों को इलाके में रवाना किया गया। तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से सभी नक्सलियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक पहचान के अनुसार मारे गए नक्सलियों में- दिलीप वेंडजा – नेशनल पार्क एरिया कमेटी चीफ, पालो पोडियम – एरिया कमेटी मेंबर, माड़वी कोसा – एरिया कमेटी मेंबर, पीएम जुगलो वंजाम – पार्टी मेंबर, इनमें चार महिला नक्सली शामिल थीं दो महिला नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
सुरक्षाबलों ने मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं, जिनमें दो AK-47 राइफल, एक INSAS राइफल, एक कार्बाइन, एक 303 राइफल शामिल हैं। सभी हथियारों को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पिछले डेढ़ साल में कुल 23 बड़े नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें संगठन के कुख्यात चेहरे-माड़वी हिड़मा नक्सल संगठन सचिव बसवा राजू,गणेश उडके सहित 16 बड़े नक्सली शामिल हैं। वहीं भूपति, रूपेश और रामधर जैसे कई बड़े नक्सलियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण भी किया है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक अब नक्सल संगठन में केवल पोलित ब्यूरो मेंबर देवजी, मिशिर बेसरा और गणपति ही शीर्ष स्तर पर बचे हैं, जो संगठन को चला रहे हैं। वहीं बस्तर में पापाराव और देवा अभी भी अपनी जान बचाने के लिए जंगलों में भटक रहे हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।