महा रुद्राभिषेक में पत्नी संग पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु; 37 क्विंटल प्रसाद का हुआ वितरण
भिलाई। सावन की भक्ति में डूबे सेक्टर-7 में रविवार को आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को शिवमय कर दिया। सेक्टर-7 स्थित शिव धाम में आयोजित महा रुद्राभिषेक में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। चारों तरफ हर-हर महादेव के जयघोष, शिव भजनों की गूंज और बैंगनी साड़ियों में सजी महिलाओं की सक्रियता ने पूरे आयोजन को भव्य रूप दे दिया।
इस बार आयोजन की सबसे खास तस्वीर 600 महिलाओं की टीम रही, जिन्होंने आयोजन की पूरी व्यवस्था अपने हाथों में संभाल रखी थी। कोई भक्तों को जल उपलब्ध कराने में जुटी थी तो कोई प्रसाद वितरण की व्यवस्था देख रही थी। कुछ महिलाएं शाम की विशेष आरती की तैयारी में तालाब पर 108 दीपों को सजाने में लगी रहीं।
200 से बढ़कर 600 हुई महिलाओं की भागीदारी
आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे वार्ड पार्षद एवं निगम एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि पिछले वर्षों में करीब 200 महिलाएं आयोजन की व्यवस्था संभालती थीं। इस बार यह संख्या बढ़कर करीब 600 हो गई। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने आयोजन को नई ऊर्जा और भव्यता दी।
सुबह करीब 7 बजे से ही शिव धाम में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन कर परिवार तथा क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
पत्नी संग रुद्राभिषेक में शामिल हुए देवेंद्र यादव
महा रुद्राभिषेक में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद लिया।
आयोजन के दौरान बज रहे भक्ति गीतों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु जहां भजनों पर झूमते नजर आए, वहीं विधायक देवेंद्र यादव भी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और भक्ति गीतों पर थिरकते दिखाई दिए।
7 क्विंटल मूंग हलवा, 16 क्विंटल पुलाव और 14 क्विंटल पूड़ी
आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई थी। 7 क्विंटल मूंग का हलवा, 16 क्विंटल पुलाव और 14 क्विंटल पूड़ी तैयार की गई। कुल करीब 37 क्विंटल प्रसाद भक्तों के बीच वितरित किया गया।
शाम होते-होते शिव धाम में भक्ति का रंग और गहरा हो गया। शिव भजनों की विशेष प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु झूम उठे। वहीं तालाब में 108 दीपों से होने वाली आरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और आकर्षक बना दिया।
सावन आते ही शिव धाम में दिखती है अलग रौनक
गौरतलब है कि वार्ड के लोकप्रिय पार्षद एवं निगम एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू द्वारा सावन के दौरान सेक्टर-7 शिव धाम में पिछले कई वर्षों से महा रुद्राभिषेक और भव्य धार्मिक आयोजन कराया जा रहा है। धीरे-धीरे यह आयोजन सेक्टर-7 ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।
इस बार बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रम के बाद पूरा सेक्टर-7 ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।