खोपली। भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही 6-लेन सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी को तेज रफ्तार हाईवा ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, पाटन निवासी विजय बघेल (मृतक) एसएमएस (SMS) कंपनी में ‘गाड़ी एंट्री ऑपरेटर’ के पद पर तैनात था। 30 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह खोपली रोड पर सड़क किनारे अपनी ड्यूटी कर रहा था।
इसी दौरान लापरवाही से चलाए जा रहे हाईवा (CG07 CD 1808) के चालक रूपेश ठाकुर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप- प्रोजेक्ट में सुरक्षा के इंतजाम नहीं
मृतक के बड़े भाई दुर्गेश बघेल ने पुलिस को बताया कि विजय सड़क के किनारे खड़ा था, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख पाया। परिजनों का आरोप है कि भारतमाला प्रोजेक्ट साइट पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। वहां न तो स्पीड कंट्रोल के लिए कुछ किया गया है और न ही पर्याप्त संकेत बोर्ड या निगरानी की व्यवस्था है।
हादसे के बाद एसएमएस कंपनी के एचआर मैनेजर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। कंपनी ने मृतक के परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपए की सहायता राशि और बाद में 5 लाख रुपए अतिरिक्त (कुल 7 लाख रुपए) देने का वादा किया है। इसके अलावा, नियमानुसार बीमा की राशि भी जल्द दिलाने की बात कही गई है।