चर्च-मुस्लिम समूह से मुकाबला, धार्मिक व सामुदायिक केंद्र की योजना; काउंसिल जून में लेगी अंतिम फैसला
इंग्लैंड। इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर के नॉर्थस्टो इलाके में हिंदू समुदाय ने मंदिर निर्माण के लिए जमीन की मांग को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। यहां लंबे समय से रहने वाले भारतीय मूल के परिवारों का कहना है कि आसपास कोई मंदिर न होने से धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में दिक्कत आ रही है।
समुदाय का कहना है कि फिलहाल लोग त्योहार मनाने के लिए घरों या किराए की जगहों का सहारा लेते हैं, जहां कई बार धार्मिक परंपराओं को पूरी तरह निभाना संभव नहीं होता। इस वजह से नई पीढ़ी अपने सांस्कृतिक जुड़ाव से दूर होती जा रही है।
मंदिर के लिए जिस जमीन पर दावा किया गया है, उस पर एक अन्य प्रस्ताव भी सामने आया है, जिसमें चर्च और मुस्लिम समुदाय द्वारा साझा धार्मिक एवं सामुदायिक केंद्र बनाने की योजना शामिल है।
हिंदू समुदाय की योजना में अधिकतर हिस्से को सामुदायिक गतिविधियों-जैसे योग, शिक्षा और सामाजिक कार्यक्रमों-के लिए उपयोग करने का प्रस्ताव है, जबकि एक हिस्से में मंदिर निर्माण की बात कही गई है।
इस पूरे मामले पर अब स्थानीय काउंसिल को फैसला लेना है, जो जून में आने की उम्मीद है। यह निर्णय तय करेगा कि जमीन किस समुदाय को दी जाएगी और भविष्य में वहां किस तरह का धार्मिक-सामुदायिक केंद्र विकसित होगा।