भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर गठित कुर्की दल ने गुरुवार को जोन-2 वैशाली नगर एवं जोन-4 शिवाजी नगर क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करते हुए 9.13 लाख रुपये की बकाया संपत्तिकर राशि वसूल की।
आयुक्त द्वारा पूर्व में ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि लंबित करों की वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी के तहत बड़े बकायादारों के विरुद्ध कुर्की एवं संपत्ति सील करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। निगम का कुर्की दल जब बकायादारों के परिसरों पर पहुंचा, तो संपत्ति सील की कार्रवाई से पूर्व ही संबंधित भवन एवं भूमि स्वामियों द्वारा बकाया संपत्तिकर की राशि जमा की गई।
गुरुवार की कार्रवाई में कुल 9,13,879 रुपये की वसूली की गई है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जो भी करदाता समय पर कर भुगतान नहीं करेगा, उसके विरुद्ध बिना किसी पूर्व ढील के कुर्की एवं सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम भिलाई ने नागरिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व लंबित करों का भुगतान सुनिश्चित करें, अन्यथा नियमानुसार अधिभार के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में कुर्की दल के सदस्य सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, बसंत देवांगन, सुनील जोशी, बेदखली नोडल अधिकारी विनय शर्मा, सहायक नोडल हरि ओम गुप्ता, संजीव तिवारी, कृष्ण कुमार सुपैत, समीर अहमद, मंगल, सतनाम, ईश्वर चन्द्र, पी. मधुसूदन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।