सुरक्षा मानकों की जांच के लिए निगम टीम ने की छापेमार कार्रवाई, खामियां मिलने पर कई संस्थान सीलबंद; 20 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश
भिलाई नगर। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग एवं एनीमेशन सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद भिलाई नगर निगम प्रशासन सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सिविक सेंटर स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
निगम की टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास द्वारों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। इस दौरान संचालकों को निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराए गए, जिनमें सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी भरकर 20 दिनों के भीतर निगम को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गंभीर कमी पाई गई। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे कोचिंग सेंटरों को सीलबंद कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि शहर में संचालित सभी कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही विद्यार्थियों के जीवन के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए सभी संस्थान समय-सीमा के भीतर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।