भिलाई में 55 मकानहीन परिवारों का आशियाने का सपना हुआ पूरा; लॉटरी से मिला प्रधानमंत्री आवास…

निगम सभागार में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुआ आवास आबंटन, विभिन्न परियोजनाओं में लाभार्थियों को मिली छत

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने मकानहीन परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को निगम सभागार में लॉटरी पद्धति के माध्यम से 55 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास आबंटित किए। ये सभी आवास मोर मकान-मोर आस एवं मोर मकान-मोर चिन्हारी योजना के तहत निर्मित किए गए हैं।

आवास आबंटन कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा तथा पार्षद हरिओम तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

लॉटरी के माध्यम से विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में हितग्राहियों को आवास प्रदान किए गए। इनमें ग्रीन वैली खम्हरिया में 20, माइल स्टोन स्कूल के पीछे 17, रजत बिल्डर्स शांति नगर में 3, आम्रपाली हाउसिंग बोर्ड फेस-01 में 2 तथा सूर्य विहार के पीछे स्थित आवासीय परिसर में 13 परिवारों को आवास आबंटित किए गए।

आवास मिलने की खुशी हितग्राहियों के चेहरों पर साफ झलक रही थी। निगम प्रशासन ने बताया कि पात्र परिवारों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवास उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें सुरक्षित और स्थायी आवास का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर आवास प्रभारी विद्याधर देवांगन, किरण चतुर्वेदी, नम्रता ठाकुर, जागेश्वर साहू, थलेश्वर जोशी, जी. मोहन राव, नूतन साहू सहित आवास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *