दीपक बरेठ और शिवशरण कर्ष की मौत से हड़कंप; रात में साथ पी थी शराब, सुबह स्कूल परिसर के पेड़ पर मिले शव
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो दोस्तों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव के स्कूल परिसर में एक पेड़ पर दो युवकों की लाश फंदे से लटकी मिली। दोनों ने एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फंदा बनाकर जान दे दी।
मृतकों की पहचान दीपक बरेठ (21) निवासी तेतला और शिवशरण कर्ष (22) निवासी कटंगपाली, जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दीपक अपने दोस्त लाभोराम के साथ शिवशरण को जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए लेने गया था। रास्ते में लाभोराम को उतारने के बाद दोनों दोस्तों ने साथ में जमकर शराब पी। इसके बाद अज्ञात कारणों से दोनों ने एक ही साड़ी के फंदे से पेड़ पर लटककर जान दे दी।
सुबह जब गांव के लोग स्कूल परिसर के पास पहुंचे तो पेड़ पर दोनों के शव लटके देख हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस ग्रामीणों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है। दोनों ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।