लाल सागर में कार्गो जहाज पर हमला, मचा हड़कंप…

यमन तट के पास अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट में फायरिंग, UKMTO ने की पुष्टि

लाल सागर में यमन के अल-हुदैदा तट के पास रविवार को एक कार्गो जहाज पर हमले की घटना सामने आई है। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है।

यह हमला यमन के अल-हुदैदा तट के पास उस समुद्री क्षेत्र में हुआ है, जो अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए बेहद अहम और संवेदनशील माना जाता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्गो जहाज ने अज्ञात हथियारबंद हमलावरों की ओर से फायरिंग होने की सूचना दी। हमलावर छोटी नावों के जरिए पहुंचे और कुछ समय तक गोलीबारी की। इसके बाद वे मौके से वापस लौट गए।

घटना के बाद जहाज पर मौजूद सुरक्षा दल ने स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह है कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी तरह के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि इस क्षेत्र में पहले हूती विद्रोहियों और समुद्री लुटेरों की गतिविधियां सामने आती रही हैं, ऐसे में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

लाल सागर दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यहां किसी भी प्रकार की हिंसक घटना वैश्विक शिपिंग और तेल आपूर्ति पर असर डाल सकती है।

UKMTO ने जहाजों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है और मामले की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *