भिलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत रविवार से दुर्ग-भिलाई में सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता दुर्ग स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर सुबह से शाम तक उपवास पर बैठे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सुनियोजित तरीके से मनरेगा को कमजोर कर रही है और इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। नेताओं का कहना है कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन सरकार इसे खत्म करने पर तुली हुई है।
शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल का आरोप:-
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण मजदूरों का कानूनी अधिकार है। भाजपा सरकार इसे योजनाबद्ध तरीके से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
मुकेश चंद्राकर बोले भाजपा अमीरों की सरकार:-
कांग्रेस नेता मुकेश चंद्राकर ने कहा कि भाजपा अमीरों की पार्टी है। यह सरकार मजदूरों और किसानों के हित में नहीं, बल्कि बड़े पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। मनरेगा को कमजोर करना मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है।
राजेंद्र साहू: 125 दिन रोजगार सिर्फ जुमला:-
कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 100 दिन के रोजगार को 125 दिन करने की बात सिर्फ एक जुमला है। ज़मीनी हकीकत यह है कि मजदूरों को समय पर काम और भुगतान तक नहीं मिल पा रहा है।
राकेश ठाकुर का हमला:-
कांग्रेस नेता राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा को खत्म करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हो रहा है और गांवों में बेरोजगारी बढ़ रही है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी:-
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मनरेगा को मजबूत करने, मजदूरों को समय पर रोजगार और भुगतान सुनिश्चित करने के ठोस कदम नहीं उठाए, तो मनरेगा बचाओ संग्राम को और तेज किया जाएगा।