भिलाई निगम का अतिक्रमण पर वार, छावनी मंगल बाजार में चला बुलडोजर…

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बार फिर कड़ा कदम उठाया है। जोन-4 खुर्सीपार अंतर्गत छावनी मंगल बाजार एवं अंकुश चौक क्षेत्र में आज सुबह अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय द्वारा प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान दिए गए स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में की गई।

निगम प्रशासन को पिछले काफी समय से स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानदारों और रहवासियों ने नालियों के ऊपर पक्का निर्माण कर लिया है और सड़कों तक सामान फैलाकर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे न केवल जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो रही थी, बल्कि यातायात भी प्रभावित हो रहा था। विशेषकर वर्षा ऋतु में जलभराव की गंभीर स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान छावनी मंगल बाजार और अंकुश चौक के आसपास नालियों के ऊपर किए गए पक्के अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ा गया। इसके साथ ही सड़क घेरकर रखे गए ठेले, लकड़ी, लोहे के ढांचे और अन्य व्यावसायिक सामान को जब्त किया गया। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में यातायात सामान्य हो गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित अतिक्रमणकारियों को निगम प्रशासन की ओर से सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में दोबारा नाली या सड़क पर कब्जा न करें। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुनः अतिक्रमण पाया गया तो सामान जब्ती के साथ-साथ नियमानुसार भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

इस दौरान सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, उप अभियंता चंद्रकांत साहू, राजस्व निरीक्षक विजेंद्र परिहार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस बल की उपस्थिति में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

नगर पालिक निगम भिलाई ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। नालियों और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि वर्षाकाल में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और आमजन को परेशानी से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *