भिलाई निगम का बड़ा एक्शन: नेहरू नगर में बुलडोजर चलाकर 4 अवैध कब्जे हटाए; प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल ध्वस्त…

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए शुक्रवार को नेहरू नगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए चार अवैध कब्जों को हटाया। निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।

नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर शहर के सभी जोन क्षेत्रों में अवैध कब्जों, अतिक्रमण और बिना अनुमति किए गए निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जोन-1 के नेहरू नगर स्थित हाईटेक हॉस्पिटल के पास मॉडल टाउन क्षेत्र में प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल बनाकर दुकानें संचालित किए जाने की शिकायत निगम को मिली थी।

वार्ड प्रभारी की जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद राजस्व विभाग, बेदखली दस्ता और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जेसीबी की सहायता से चारों अवैध प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल हटाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, बिना अनुमति निर्माण और अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *