आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। करीब 46 दिन तक पति के लापता होने का दावा करती रही, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। उनकी पत्नी रूबी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी और लगातार यही कहती रही कि पति कहीं चले गए हैं। शक गहराने पर पुलिस ने पूछताछ की और घर के बाथरूम की खुदाई कराई। फर्श के नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि महिला ने पति को खीर में नींद की गोलियां खिलाईं। मौत के बाद शव को बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर से नया सीमेंट का फर्श बनवा दिया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।