बांग्लादेश का बड़ा फैसला: T20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगी टीम…

नई दिल्ली। ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक बड़ा सियासी-खेल विवाद सामने आया है। बांग्लादेश ने साफ कर दिया है कि उसकी क्रिकेट टीम भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने नहीं आएगी। इस फैसले की आधिकारिक जानकारी बांग्लादेश के कार्यवाहक खेल मंत्री आसिफ नज़रुल ने दी है।

खेल मंत्री के मुताबिक, यह निर्णय हाल ही में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान‌ को IPL 2026 से हटाए जाने के बाद लिया गया है। सरकार का मानना है कि इस घटनाक्रम से खिलाड़ियों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं।

जानते हैं क्या है पूरा मामला?

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत कर रहा है। इसी बीच IPL 2026 में खेल रहे बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को उनकी फ्रेंचाइज़ी से बाहर कर दिया गया। बांग्लादेश सरकार ने इसे केवल क्रिकेटिंग फैसला नहीं, बल्कि राजनयिक और खिलाड़ियों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच बैठक हुई, जिसमें यह तय किया गया कि टीम भारत जाकर वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगी।

आसिफ नज़रुल ने कहा, जब हमारे खिलाड़ी के साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो पूरी टीम की सुरक्षा और आत्मसम्मान पर सवाल उठता है। ऐसे माहौल में भारत जाकर मैच खेलना हमारे खिलाड़ियों के लिए उचित नहीं है। उन्होंने यह भी साफ किया कि बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप से हट नहीं रहा, बल्कि वह अपने मुकाबले किसी तटस्थ स्थान, खासकर श्रीलंका में कराने की मांग करेगा।

इस मामले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड जल्द ही ICC को आधिकारिक पत्र भेजेगा। इसमें अनुरोध किया जाएगा कि बांग्लादेश के सभी T20 वर्ल्ड कप मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। अंतिम फैसला अब ICC को लेना है।

बांग्लादेश ने यह भी कहा है कि वह भारत में मैच नहीं खेलेगा, लेकिन टूर्नामेंट में भागीदारी बनाए रखेगा-बशर्ते मैचों का स्थान बदला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *