बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का आज दोपहर अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। यह घटना आधिकारिक बैठक के दौरान हुई, जिसमें विधायक मीटिंग में शामिल थे।
शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे, बरेली स्थित सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक चल रही थी, जिसमें डॉ. श्याम बिहारी लाल भी उपस्थित थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक का सामना करना पड़ा, जिससे बैठक में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विधायक को मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने कुछ समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुख की बात यह है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने कल ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों ने उस दिन उत्सव मनाया था, लेकिन आज यह खुशियाँ शोक में बदल गईं।
डॉ. श्याम बिहारी लाल भारतीय जनता पार्टी से फरीदपुर बरेली जिला
से दो बार विधायक चुने गए थे समाज में लोकप्रिय और सक्रिय नेता रहे हैं।
वे इतिहास के प्रोफेसर भी थे और महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय से PhD की उपाधि धारण करते थे। चुनाव में पहली बार 2017 में और फिर दूसरी बार 2022 में उन्होंने फरीदपुर सीट से जीत हासिल की थी।
मेडिकल टीम के अनुसार, अस्पताल लाने तक ही उनके ब्लड प्रेशर और पल्स कमज़ोर थे; चिकित्सकों ने सीपीआर और वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ लगभग एक घंटे इलाज किया, लेकिन वे बच नहीं पाए। बता दें कि 2007 में उन्हें पहले हार्ट अटैक आया था जिसमें उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि वे दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। राज्य और स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा समर्थकों ने भी श्रद्धांजलि दी और नेता की सेवा और सहयोग की भावना को याद किया।
डॉ. श्याम बिहारी लाल के पीछे पत्नी मंजू लता, एक पुत्र और दो बेटियाँ हैं, जो इस अप्रत्याशित नुकसान से गहरे शोक में हैं।