पुरानी रंजिश बनी वजह साक्ष्य मिटाने के लिए खून से सने कपड़े- जूते जलाए गए एक आरोपी अब भी फरार
दुर्ग/जेवरा सिरसा। पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी जेवरा सिरसा ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए नाबालिग आरोपी और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर सहित अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
26 अप्रैल 2026 को ग्राम करहीडीही में दुर्गा मंच के पीछे खेत में रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने 16 वर्षीय अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया।
बताया गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने 25 अप्रैल की रात नशे में धुत मृतक को निशाना बनाया, पहले मारपीट की, फिर गमछे से पैर बांधकर घसीटा और पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
मामले में सावित्री निषाद (40 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने खून से सने कपड़े और जूते जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।