कोरबा के मीरा रिसॉर्ट में 20-25 दोस्तों के बीच चल रही पार्टी में नशे के दौरान हुआ विवाद, रात डेढ़ बजे वारदात; पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शुरू की तलाश
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर कैंपर वाहन से अपने ही साथी को कुचलकर मार डाला। घटना उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट की है, जहां ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा अपना जन्मदिन मना रहे थे। पार्टी में 20 से 25 दोस्त शामिल हुए थे और देर रात तक जश्न चलता रहा।
बताया जा रहा है कि रात करीब 1:30 बजे नाच-गाने और शराब पार्टी के दौरान किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी तुषार ढांढा ने गुस्से में कैंपर वाहन चढ़ाकर उज्जवल सिंह को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पार्टी में शराब के नशे और मामूली विवाद ने इस जश्न को खूनी वारदात में बदल दिया।