खूनी जलन: पत्नी से बातचीत करते देख गुस्साए पति ने पड़ोसी को काट डाला…

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करने की बात से नाराज एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गनियारी निवासी नंदकुमार पटेल (39 वर्ष) का पड़ोसी जयकंवर के घर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि नंदकुमार, जयकंवर की पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करता था, जो जयकंवर को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी तनाव बना हुआ था।

रविवार रात जब जयकंवर घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी और नंदकुमार को बातचीत करते देखा। इससे वह भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान जयकंवर ने कुल्हाड़ी से नंदकुमार के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खून से सना नंदकुमार का शव देखा। शव आरोपी के घर से कुछ दूरी पर स्थित बाड़ी में पड़ा हुआ था। मृतक के चेहरे और सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे बेरहमी से हत्या की पुष्टि होती है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी जयकंवर को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *