काम दिलाने के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जीजा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। रामानुजगंज में काम दिलाने का झांसा देकर एक 40 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र की है, जहां पीड़िता को रिश्तेदार जीजा ने मजदूरी का काम दिलाने के बहाने बुलाया और अपने सहयोगियों के साथ अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला अपने मायके में रहकर काम की तलाश में थी। इसी दौरान उसने अपने जीजा से रोजगार को लेकर बातचीत की थी। आरोप है कि जीजा ने फोन पर मजदूरी का काम दिलाने की बात कहकर 18 जनवरी की सुबह महिला को अंबिकापुर से वाड्रफनगर बुलाया।
महिला के वहां पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी उसे बाइक से अपने भांजे के कमरे में ले गया। वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मिलकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि महिला को जबरन नशा भी कराया गया।
घटना के बाद आरोपियों ने महिला को 200 रुपये देकर बस में बैठाया और फरार हो गए। जब महिला को होश आया तो उसकी हालत गंभीर थी। बाद में वह अंबिकापुर पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जीजा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी और पीड़िता एक ही समाज से हैं और दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पीड़िता का मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण, बयान और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।