दुष्कर्म आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर: दुर्ग में पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई…

नाबालिग से दुष्कर्म केस में गिरफ्तार आरोपी का अतिक्रमण ध्वस्त, नोटिस के बाद भी खाली नहीं किया था कब्जा

भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम पुरैना निवासी आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के अवैध मकान को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।


जानकारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रह रहे थे।


नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अवहेलना करने पर सोमवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान मकान में रखी सामग्री को जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया, इसके बाद बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गंभीर आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। इस दौरान पुरानी भिलाई थाना पुलिस और नगर निगम की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *