कांकेर, धमतरी समेत कई इलाकों की लड़कियों को नौकरी का झांसा; रोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला; 8 युवतियां रेस्क्यू…

छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां झारखंड में बंधक, नर्सिंग ट्रेनिंग के नाम पर ले गए दलाल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से नर्सिंग ट्रेनिंग और नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड के गढ़वा ले जाई गईं 35 युवतियों को बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवतियां कांकेर के दुर्गूकोंदल, धमतरी और आसपास के क्षेत्रों की बताई जा रही हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने रोते हुए अपना वीडियो बनाकर गांव के एक युवक को भेजा। वीडियो में युवती घर लौटने की गुहार लगाते हुए कह रही है कि उनसे पैसे मांगे गए और विरोध करने पर उन्हें रोक लिया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कांकेर और झारखंड के गढ़वा प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। दोनों राज्यों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर युवतियों की तलाश शुरू की गई। अब तक 8 लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी युवतियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

पुलिस ने इस मामले में मानव तस्करी, धोखाधड़ी और अवैध बंधक बनाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवतियों को नर्सिंग ट्रेनिंग और अच्छी नौकरी का लालच देकर झारखंड ले जाया गया था। प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *